अफगानिस्तान के बाएं हाथ के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में क्विंटन डी कॉक का विकेट लेकर इतिहास रच दिया। फारूकी टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। भारतीय टीम के गेंदबाज के पास फजलहक फारूकी का वर्ल्ड रिकॉर्ड तोड़ने का शानदार मौका है। भारत और इंग्लैंड के बीच दूसरा सेमीफाइनल गुरुवार को खेला जाएगा।
नई दिल्ली। अफगानिस्तान को गुरुवार को टी20 वर्ल्ड कप 2024 के पहले सेमीफाइनल में दक्षिण अफ्रीका के हाथों 9 विकेट की करारी शिकस्त झेलनी पड़ी। मगर अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फजलहक फारूकी ने वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया।बाएं हाथ के तेज गेंदबाज ने दक्षिण अफ्रीकी पारी के दौरान एकमात्र विकेट (क्विंटन डी कॉक) चटकाया और कीर्तिमान हासिल किया। अफगानिस्तान के तेज गेंदबाज फारूकी ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ सेमीफाइनल में 2 ओवर में 11 रन देकर 1 विकेट चटकाया। मौजूदा टी20 वर्ल्ड कप में फारूकी का यह 17वां विकेट रहा।
फारूकी की उपलब्धि
फजलहक फारूकी टी20 वर्ल्ड कप के एक एडिशन में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए हैं। फारूकी ने 8 मैचों में 17 विकेट झटके। उन्होंने श्रीलंका के लेग स्पिनर वानिंदु हसरंगा का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2021 टी20 वर्ल्ड कप में 16 विकेट चटकाए थे। श्रीलंका के अजंता मेंडिस इस लिस्ट में तीसरे स्थान पर काबिज हैं, जिन्होंने 2012 टी20 वर्ल्ड कप में 15 विकेट लिए थे।

