अफगानिस्तान ने इंटरनेशनल क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहली जीत दर्ज की। AFG की इस जीत से सेमीफाइनल की लड़ाई रोमांचक हो गई है। अब ऑस्ट्रेलिया को अपने अंतिम मैच में भारत को हराना होगा। अगर ऑस्ट्रेलिया को भारत हरा देता है तब अफगानिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह और भी आसान हो जाएगी। अफगानिस्तान को अपना अंतिम मैच बांग्लादेश के खिलाफ खेलना है।
नई दिल्ली। Gulbadin Naib Take 4 Wicket: अफगानिस्तान ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रनों से हराकर सेमीफाइनल की जंग को और रोमांचक बना दिया है। अफगानिस्तान की इस जीत के असली सूत्रधार गुलबदीन नईब (Gulbadin Naib) रहे, जिन्होंने चार विकेट तो लिए ही और एक बेहतरीन कैच भी लपका। इस उम्दा प्रदर्शन से गुलबदीन नईब ने इतिहास के पन्नों में अपना नाम सुनहरे अक्षरों में लिख दिया।
टॉस हारने के बाद अफगानिस्तान की सलामी जोड़ी ने बढ़िया शुरुआत दिलाई और दोनों ने अर्धशतक लगाकर इस टूर्नामेंट में तीसरी बार शतकीय साझेदारी की। हालांकि, इसके बाद अफगानिस्तान की पारी लड़खड़ा गई। अफगानिस्तान ने एक सम्मानजनक स्कोर बनाकर ऑस्ट्रेलिया के लिए चुनौती पेश की। लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया को अफगानी गेंदबाजों ने मैच में पकड़ बनाने का एक भी मौका नहीं दिया।

