बॉलीवुड एक्टर अक्षय कुमार (Akshay Kumar) की फिल्म बड़े मियां छोटे मियां के बाद उनकी हालिया रिलीज सरफिरा (Sarfira) भी बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई जिससे उनके फैंस के बीच निराशा का माहौल है। इस बीच अब खिलाड़ी कुमार ने अपनी फिल्मों की लगातार असफलता पर बात की है और उन्होंने इसे दिल तोड़ने वाला बताया।
नई दिल्ली। बॉलीवुड के ‘खिलाड़ी’ अक्षय कुमार बॉक्स ऑफिस पर लंबे वक्त से असफलता का दौर देख रहे हैं। बीते साल आई उनकी लगभग सभी फिल्में फ्लॉप रही थीं। वहीं, साल 2024 में भी अब तक दो फिल्में रिलीज हो चुकी हैं, लेकिन कोई भी सक्सेस का स्वाद चख नहीं पाया, जबकि दोनों ही बड़े बजट की फिल्में थी।
अक्षय कुमार साल की शुरूआत में बड़े मियां छोटे मियां लेकर आए। इस फिल्म अनाउंसमेंट से ही बना हुआ था, लेकिन रिलीज के बाद ये बॉक्स ऑफिस पर औंधे मुंह गिर पड़ी।
आसफलता देख टूट जाता है दिल
अक्षय कुमार की हाल ही में आई फिल्म सरफिरा ने भी बॉक्स ऑफिस पर अच्छा प्रदर्शन नहीं किया। ऐसे में एक्टर ने फोर्ब्स इंडिया के साथ बातचीत में अपने करियर में लगातार 16 फ्लॉप फिल्मों के बारे में बात की और बताया कि वे असफलताओं से कैसे निपटते हैं। उन्होंने कहा, “हर फिल्म के पीछे बहुत सारा खून-पसीना और जुनून होता है। किसी भी फिल्म को असफल होते देखना दिल तोड़ने वाला होता है, लेकिन आपको सकारात्मक पहलू भी देखना सीखना होगा। हर असफलता आपको सफलता का मूल्य सिखाती है और इसके लिए आपकी भूख को और भी बढ़ाती है।”

