बांग्लादेश का मंगलवार को टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 राउंड में सफर समाप्त हो गया। बांग्लादेश को अफगानिस्तान के हाथों रोमांचक मैच में डकवर्थ लुईस पद्यति के आधार पर 8 रन से शिकस्त मिली। बांग्लादेश के कप्तान नजमुल हुसैन शांतो ने टीम के बाहर होने के बाद बताया कि टूर्नामेंट में उनकी सबसे बड़ी कमजोरी क्या रही। जानें बांग्लादेशी कप्तान ने अपनी टीम की क्या खामियां गिनाईं।
स्पोर्ट्स डेस्क, नई दिल्ली। बांग्लादेश के टी20 वर्ल्ड कप 2024 के सेमीफाइनल में पहुंचने के अरमान टूट गए। नजमुल हुसैन शांतो के नेतृत्व वाली बांग्लादेश को मंगलवार को सुपर-8 राउंड के आखिरी मुकाबले में अफगानिस्तान के हाथों डीएलएस के आधार पर 8 रन से शिकस्त मिली। बांग्लादेशी कप्तान ने टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद अपनी टीम की बड़ी गलती का खुलासा किया।नजमुल हुसैन शांतो ने मैच के बाद कहा कि हमारी गेंदबाजी पूरे टूर्नामेंट में शानदार रही, लेकिन बल्लेबाजों विशेषकर मिडिल ऑर्डर ने काफी निराश किया। उन्होंने कहा, ”मेरे ख्याल से हमने शानदार गेंदबाजी की। गेंदबाजी ईकाई के रूप में हमने बहुत अच्छी चीजें की। मगर बल्लेबाजी ईकाई के रूप में हमने विशेषकर मिडिल ओवर्स में काफी खराब फैसले लिए।”

