भारत ने अंतिम क्षणों में दो गोल दागकर अपने चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को अपने दूसरे लीग मैच में 3-1 से हरा कर एएफसी चैलेंज कप क्वॉलिफायर्स फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल राउंड में प्रवेश किया। विजेता भारत के लिए जेजे लालपेखुलुवा ने दो गोल दागे जबकि एक गोल स्टीवन डायस ने किया। पराजित पाकिस्तान के लिए एकमात्र गोल आरिफ मोहम्मद ने दागा।
भारत की एबीपीजे स्टेडियम में की यह लगातार दूसरी जीत है। भारत ने सोमवार को पहले मैच में चीनी ताइपे को 3-0 से शिकस्त दी थी। भारत दो मैचों में दो जीत के साथ छह अंक लेकर अगले साल होने वाले फाइनल राउंड में अपनी जगह पक्की करने में कामयाब रहा। फाइनल राउंड कहां खेला जाएगा अभी इसका फैसला होना बाकी है।
तुर्कमेनिस्तान के एक अन्य मैच में चीनी ताइपे को 2-0 से शिकस्त दी और वह भी फाइनल राउंड में स्थान बनाने में कामयाब रहा। तुर्कमेनिस्तान ने अपने पहले मैच में पाकिस्तान को 3-.0 से पराजित किया था। चार टीमों के ग्रुप 'बी' क्वॉलिफाइंग राउंड में चोटी की दो टीमें फाइनल राउंड में पहुंची।
भारत ने 2008 में यह टूर्नामेंट जीता था, जिससे वह इस साल जनवरी में कतर में हुए एएफसी एशियन कप में खेलने का हकदार बना था।
भारत की टीम हाफ टाइम तक 0-1 से पिछड़ रही थी। आरिफ मोहम्मद ने मैच के 32वें मिनट में गोल कर पाकिस्तान का खाता खोला। भारत के लिए जेजे लालपेखुलुवा ( 67वें और इंजुरी टाइम)ने दो गोल किए जबकि स्टीवन डायस ने 90वें मिनट में पेनल्टी किक को गोल में बदला।